मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि हम कोरोनावायरस के टीके के लिए अमेरिकी वैक्सीन निर्माताओं के संपर्क में हैं। इसके साथ ही हम वैक्सीन बनाने के लिए कच्चे माल के लिए अमेरिकी प्रशासन के साथ भी अलग से काम कर रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान में हम अपने टीकाकरण कार्यक्रम के लिए घरेलू स्तर पर भी वैक्सीन का उत्पादन कर रहे हैं।
पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के मामले पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत भगोड़ों को वापस लाने के अपने प्रयासों में अडिग है। वह फिलहाल डोमिनिका की कस्टडी में है, जहां उसके खिलाफ कुछ कानूनी कार्रवाई चल रही है। हम यह सुनिश्चित करने के अपने प्रयास जारी रखेंगे कि उसे भारत वापस लाया जाए।
फिलिस्तीन द्वारा विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को लिखे गए पत्र के संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि फिलिस्तीन ने सभी परहेज़ करने वाले देशों को एक पत्र लिखा है। हमने पिछले मौकों पर भी परहेज किया है, यह नया नहीं है और हमारी स्थिति स्पष्ट करता है।
विभिन्न देशों द्वारा भारतीयों पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों के बारे में मंत्रालय ने कहा कि हम देशों से उम्मीद करते हैं कि भारत में जैसे-जैसे कोरोना महामारी की स्थिति सामान्य हो रही है, उन्हें यात्रा प्रतिबंधों में राहत देनी चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि कुछ देशों ने ऐसा करना शुरू कर दिया है। अन्य देशों को भी उनका अनुसरण करना चाहिए।
कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही गतिविधियों को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) एक वैश्विक अध्ययन कर रहा है। यह इस महामारी की उत्पत्ति की बेहतर समझ खोजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहला कदम है। हमने पहले और अधिक अध्ययनों पर सहयोग करने के बारे में बात की है।
