हाल ही में जीवाश्म विज्ञानियों ने एक नई प्रजाति की खोज की है जिसे माइक्रोसॉर नाम दिया गया है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, माइक्रोसॉर चार पैरों वाला एक छोटा छिपकली जैसा जानवर है। जो डायनासोर के पृथ्वी पर अस्तित्व से पहले से विद्यमान था।
वैज्ञानिकों का मानना है कि इस खोज से छोटे पर डायनासोर जैसे दिखने वाले जीवो की आदतों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
यह खोज अमेरिका में 308 मिलियन वर्ष पुराने एक उंगली के आकार के जीवाश्म से की गई है।
इस जीवाश्म में जीव की त्वचा भी पाई गई जो कि इतने पुराने किसी जीवाश्म में पाया जाना स्वयं में दुर्लभ बात है।
रॉयल सोसायटी ओपन साइंस पत्रिका में प्रकाशित यह खबर उभयचर और सरीसृप सहित विभिन्न पशु समूहों के विकास पर महत्वपूर्ण प्रकाश डाल सकती हैं।
माइक्रोसॉर कार्बोनिफेरस काल के दौरान रहते थे, जब आधुनिक स्तनधारियों और सरीसृपों के पूर्वज, जिन्हें एमनियोट्स कहा जाता है, पहली बार पाए गए थे।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस संक्रमण काल की कई महत्वपूर्ण जानकारियां हमें अच्छी तरह से ज्ञात नहीं। ऐसे में माइक्रोसॉर की खोज एमनियोट्स की उत्पत्ति को समझने में महत्वपूर्ण रूप से सहायक हो सकती है क्योंकि इनमें बहुत से माइक्रोसॉर को या तो उभयचरों के पूर्वजों या सरीसृपों के पूर्वजों के रूप में माना जाता है।