आजकल सोशल मीडिया पर फेक न्यूज़ काफी मात्रा में फैलाए जा रहे हैं। जिसका सीधा असर लोगों पर पड़ता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही थी और यह बताया जा रहा था कि चीन और भारत के बीच सिक्किम में चल रहे सीमा विवाद में चीनी सैनिकों ने भारत के 158 जवानों को मार दिया है। पोस्ट में बताया गया है कि 9 मई को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हाथापाई के दौरान चीन ने रॉकेट लॉन्चर से हमला किया जिसमें भारत के 158 जवान शहीद हो गए। इस पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की जा रही थी। जिसे देखने के बाद कोई भी इसे सच मान सकता है।
यह खबर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई। जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई। कुछ लोग इसके लिए चीन से बदला लेने की बात करने लगे तो कुछ लोगों ने यह भी जानने की कोशिश की कि क्या यह तस्वीर वाकई में सच है या नहीं?
वायरल खबर की सच्चाई
वायरल खबर के साथ जो तस्वीर शेयर की गई थी उसे रिवर्स इमेज सर्च करने से पता चलता है कि या तस्वीर मौजूदा समय की नहीं बल्कि साल 2017 की तस्वीर है। उस दौरान भी इस तस्वीर का इस्तेमाल कर झूठी खबर फैलाने की कोशिश की गई थी। और आज भी इस तस्वीर की मदद से झूठ फैलाने की कोशिश की जा रही है।
8 जून 2017 को भी भारत और चीन के बीच हो रहे डोकलाम विवाद के दौरान भी इसी तस्वीर का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी और चीनी मीडिया ने झूठी खबर फैलाने की कोशिश की थी।
इस खबर की सच्चाई जानने के बाद यह तो साफ है कि कुछ लोग जानबूझकर सोशल मीडिया पर झूठी खबर फैलाने की कोशिश करते हैं। मेरी आप लोगों से यही गुजारिश है कि आप सोशल मीडिया पर ऐसी खबरों पर आंख बंद कर यकीन ना करें। बल्कि ऐसी खबरों की पहले पुष्टि करें। अगर खबर झूठ निकलती है तो उसे रिपोर्ट करें। ताकि झूठी खबर फैलाने वालों पर लगाम लगाया जा सके।
